बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन राज्य के के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि ये उनका आखिरी चुनाव है, अंत भला तो सब भला।

नीतीश कुमार ने गुरुवार को पूर्णिया में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘जान लीजिए, आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। परसों मतदान होगा। ये मेरा अंतिम चुनाव है। अंत भला तो सब भला।’

बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के तीसरे और अंतिम चरण के लिए शनिवार को मतदान होगा। इसके लिए आज शाम पांच बजे प्रचार अभियान थम जाएगा। ऐेसे में सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।

नीतीश कुमार भी पूर्णिया की धमदाहा विधानसभा सीट से एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे थे। यहां उन्होंने भावुक होते हुए इस चुनाव को अपना अंतिम चुनाव करार दे दिया।

बता दें कि एनडीए गठबंधन की ओर से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री का चेहरा हैं और पिछले पंद्रह सालों से राज्य की गद्दी संभाल रहे हैं।

नीतीश कुमार ने साल 1977 में अपना पहला चुनाव लड़ा था। उन्होंने नालंदा के हरनौत से चुनाव लड़ा। यहां से नीतीश कुमार चार बार चुनाव लड़े। जिसमें उन्हें 1977 और 1980 में हार मिली, जबकि 1985 और 1995 के चुनाव में वो विजयी हुए।

वहीं आखिरी चुनाव उन्होंने 2004 में नालंदा से लड़ा था, जिसमें उन्हें जीत हासिल हुई थी। इसके बाद से नीतीश कुमार ने कोई चुनाव नहीं लड़ा।

नीतीश कुमार 2005 से ही बिहार के मुख्यमंत्री हैं। वह लगातार चौथी बार चुनाव जीतकर मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं।

इसके लिए वो चुनावी मंच से लगातार अपनी उपलब्धियों को गिना रहे हैं। अपने लंबे कार्यकाल के बावजूद वो अपनी सभाओं में कह रहे हैं कि फिर से मौका मिला तो वह बचे हुए काम पूरा कर बिहार को विकसित राज्य बना देंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here